मुख्यमंत्री निवास में विराजे भगवान श्री गणेश…मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, समृद्धि की कामना और नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं दी

रायपुर,

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज गणेश चतुर्थी के अवसर अपने रायपुर स्थित निवास में विराजे भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री आज हिमाचल प्रदेश के दौरे पर थे। वहां से रात्रि में वे रायपुर लौटे। इसके पहले आज शाम मुख्यमंत्री बघेल की धर्मपत्नी श्रीमती मुक्तेश्वरी बघेल और मुख्यमंत्री के परिजनों ने विधि विधान के साथ मुख्यमंत्री निवास में भगवान गणेश की प्रतिमा की स्थापना की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और विशेष रूप से उत्कल समाज के लोगों को नुआखाई पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि ऋषि पंचमी को नुआखाई त्यौहार मनाया जाता है। यह त्यौहार नई फसल के आगमन, धरती एवं भगवान के वंदन और किसान भाईयों के बंधुत्व और एकत्व का प्रतीक है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को गांव की समृद्धि, खुशहाली और सामाजिक संबंधों को प्रगाढ़ करने वाले इस त्यौहार की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।