मुख्यमंत्री चौहान भोपाल में लेंगे वैक्सीनेशन कार्य का जायजा

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार 25 अगस्त को प्रदेश में दो दिवसीय वैक्सीनेशन महाअभियान प्रारंभ होने पर भोपाल के जवाहर चौक स्थित टीकाकरण केन्द्र में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री चौहान स्थानीय काटजू अस्पताल में भी नागरिकों के टीकाकरण के कार्य का निरीक्षण करेंगे।

जबलपुर में मुख्यमंत्री करेंगे पंचायतों का सम्मान

मुख्यमंत्री चौहान दोपहर 1 बजे भोपाल से वायुयान द्वारा जबलपुर रवाना होंगे, जहाँ वैक्सीनेशन महाअभियान का निरीक्षण कर प्रशासनिक अधिकारियों, क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्यों और जन-प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री चौहान टीकाकरण केन्द्र पर भी जाएंगे और टीकाकरण जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही मुख्यमंत्री कोविड-19 अनुकम्पा नियुक्ति योजना में पात्र लोगों को नियुक्ति आदेश प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री चौहान शत-प्रतिशत टीकाकरण करने वाली पंचायतों का सम्मान भी करेंगे। वे कोरोना कंट्रोल एवं कमाण्ड सेंटर के निरीक्षण के पश्चात दोपहर बाद जबलपुर से वापस भोपाल के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रतिदिन दो बार की है एक-एक जिले की समीक्षा

मुख्यमंत्री चौहान ने बीता सम्पूर्ण सप्ताह प्रतिदिन दो बार वैक्सीनेशन महाअभियान-2 की तैयारियों की समीक्षा नियमित रूप से की है। नई दिल्ली जाकर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मध्यप्रदेश को पर्याप्त वैक्सीन की आपूर्ति के संबंध में अनुरोध किया। प्रदेश के प्रत्येक जिले के कलेक्टर और अन्य अधिकारियों सहित सामाजिक संगठनों और क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटियों के साथ चर्चा कर वैक्सीनेशन महाअभियान को सफल बनाने के लिए दिशा-निर्देश भी दिए हैं। प्रदेश में विभिन्न वर्गों के प्रमुख व्यक्तियों ने नागरिकों को वैक्सीन लगवाने की अपील की है। उत्साहजनक वातावरण के निर्माण के साथ इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सम्पन्न करने के पश्चात वैक्सीनेशन में मध्यप्रदेश की पहचान देश के अग्रणी प्रांत के रूप में विकसित होने की संभावनाएँ निर्मित हुई हैं।