मुंगेली जिला चिकित्सालय सभी प्रकार की चिकित्सकीय सुविधाओं से होगा लेस

मुंगेली
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और ग्रामोंद्योग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में संचालित विकास कार्यो की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में शामिल बिल्हा विधान सभा क्षेत्र के विधायक और छत्तीसगढ़ विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, मुंगेली विधान सभा क्षेत्र के विधायक पुन्नू लाल मोहले, लोरमी विधान सभा क्षेत्र के विधायक धर्मजीत सिंह उपस्थित थे। प्रभारी मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने जिले के सभी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनने के साथ ही लोगों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिये। इसके पूर्व कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले के प्रभारी मंत्री गुरू रूद्रकुमार को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले में कोविड-19 के बेहतर नियंत्रण के लिए जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने बेहतर ताल-मेल के साथ कार्य किया है। जिसके परिणाम स्वरूप मुंगेली जिले में कोरोना का प्रभाव कम हुआ है। किन्तु अभी भी सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने जिले में  कोरोना के संभावित तीसरी लहर की रोकथाम के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि आम जनता को बेहतर से बेहतर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला चिकित्सालय मुंगेली को सभी प्रकार की चिकित्सकीय सुविधाओं से लेस किया जाएगा। जिला चिकित्सालय में सभी विषय विशेषज्ञों के अलावा सभी प्रकार के रिक्त पदो पर भर्ती की जाएगी। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरोना के कारण दिवंगत लोगों के परिजनों को राहत देने पर जोर दिया जा रहा है। महतारी दुलार योजना इसी का परिणाम है। उन्होंने इस योजना से उन सभी पात्र पीड़ितो को लाभान्वित करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होने कोरोना के कारण मृत शासकीय कर्मियों के अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों को शीघ्रातिशीघ्र निराकृत करते हुए नियुक्ति पत्र जारी करने के भी निर्देश दिये।  

बैठक में कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि मुंगेली जिले में कोरोना के संभावित तीसरे लहर को देखते हुए जिला चिकित्सालय के समीप संचालित 100 बिस्तर डेडिकेटेड कोविड अस्पताल में आॅक्सीजननेटेड बैड की क्षमता को बढाते हुए 100 बिस्तरों में आॅक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। जिला चिकित्सालय मुंगेली में 50 बिस्तर आई सी.यू  की स्थापना कर इसमे से 30 पाईट आॅक्सीजन पॉइप लाईन का कार्य पूर्ण किया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी हेतु 30 पाईट आॅक्सीजन पाईप लाईन का कार्य पूर्ण कर शासन से 500 एल पी एम आॅक्सीजन प्लांट स्थापित किये जाने की स्वीकृति प्राप्त हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी, पथरिया एवं सरगांव में 4 बिस्तर आई सी यू. एवं 15 आॅक्सीजनेटेड बेड स्थापित की जा रहा है। जिले में संचालित कुल 25 स्वास्थ्य केंद्रो एवं 1 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 5 बिस्तर आॅक्सीजनेटेड बेड स्थापित की जा रही है। कोविड केयर सेंटर में बेड क्षमता के अनुसार सभी बिस्तरों हेतु आॅक्सीजन कॉन्सनट्रेटर की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। कोविड-19 संबंधित समस्त आवश्यक उपकरण, सामग्री, कन्ज्यूूमेबल्स एवं दवाईयों की आवश्यकतानुसार मांग पत्र प्रेषित की गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत रिक्त पदो पर भर्ती प्रक्रियाधीन है एवं जिला चिकित्सालय मुंगेली हेतु डी एम एफ मद से चिकित्सा विशेषज्ञों की भर्ती की जा रही है।