कोण्डागांव
जिले में मोतियाबिंद के मरीजों के नि:शुल्क इलाज हेतु लगातार जिला अस्पताल द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें विकासखंडवार चयन कर मरीजों को नियत तिथि पर जिला अस्पताल में लाकर मोतियाबिंद का इलाज आधुनिक मशीनों द्वारा किया जाता है। इसके तहत गुरुवार को माकड़ी विकासखंड के दो एवं फरसगांव विकासखंड के 13 मरीजों का सफल आॅपरेशन जिला नोडल अंधत्व निवारण डॉ हरेंद्र बघेल के नेतृत्व में नेत्र सर्जन डॉ कल्पना मीणा द्वारा किया गया। मोतियाबिंद हेतु आॅपरेशन के साथ नि:शुल्क लैंस प्रत्यारोपण कर मरीजों का नेत्र सर्जन द्वारा स्लिट लैंप द्वारा जांच करते हुए आवश्यक दवाइयां एवं चश्मा प्रदान किया गया। तत्पश्चात रविवार को सभी मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सभी मरीजों ने नि:शुल्क सफल आॅपरेशन के साथ लेंस प्रत्यारोपण होने पर हर्ष जताते हुए चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन का आभार जताया।
इस संबंध में सहायक नोडल अधिकारी अनिल वैद्य ने बताया कि जिला अस्पताल कोण्डागांव में जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ टीआर कुंवर एवं सिविल सर्जन डॉ संजय बसाख के मार्गदर्शन में जिले के प्रत्येक विकासखंड के लिए रोस्टर तैयार कर जुलाई माह में सभी मोतियाबिंद के मरीजों के उपचार हेतु अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत प्रत्येक सोमवार को मरीजों को लाकर उनकी जांच के उपरांत मंगलवार को आॅपरेशन किया जाता है। इसके अतिरिक्त ऐसे मरीज जिनका सोमवार को उपचार नहीं हो पाता उनके लिए विशेष तिथि निर्धारित कर उपचार किया जाता है। साथ ही सभी विकासखंडों में बैकलॉग, दोनों आंखों की मोतियाबिंद मरीजों के आॅपरेशन की सुविधा के लिए प्रति बुधवार को भर्ती एवं गुरुवार को आॅपरेशन करने की कार्य योजना तैयार की जा रही है।














