रायपुर
ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के बेमिसाल उदाहरण के रूप में रायपुर जिले के कल्पतरु यूटिलिटी सेंटर सेरीखेड़ी ने अपनी ख्याति सर्वत्र बिखेर रहा है। यह विभिन्न विभागों के समन्वय से यहां करीब 40 से अधिक आर्थिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इनसे करीब 4 सौ महिलाओं को रोजगार मिल रहा है। कलेक्टर सौरभ कुमार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मयंक चतुवेर्दी के मार्गदर्शन में इस सेंटर में बदलते समय के अनुकूल अनेक आर्थिक गतिविधियों को शुरू किया गया है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस सेंटर में विभिन्न विभागों के समन्वय से कई नवीन गतिविधियों को प्रारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि इस सेंटर में विभिन्न प्रकार के आय उपार्जक गतिविधियों के लिए पृथक से वर्किंग शेड का निर्माण पंचायत एवं विभागीय समन्वय जैसे मनरेगा, एस.बी.एम. योजना के सहयोग से कराया गया है। ग्रामीण महिलाओं के लिए जो आय उपार्जक कार्य करना चाहती है। उनके प्रशिक्षण हेतु पृथक से भवन तैयार किया गया है। जहां एन.आर.एल.एम एवं विभागीय प्रशिक्षणों का आयोजन किया जाता है, जिसमें रायपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में समूहों के सदस्यों को प्रशिक्षण प्रदान कर उनका कौशल उन्नयन किया जाता है तथा उनका भ्रमण कराया जा रहा है।
इस सेंटर में स्वास्थ्य विभाग से समन्वय से सैनिटरी नैपकीन की पैकेजिंग यूनिट का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा सैनेटरी नैपकीन को स्थानीय हाट बाजारों, महिला समूहों की सदस्यों के साथ साथ स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग आदि को विक्रय किया जायेगा। हथकरघा प्रशिक्षण का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जायेगा। हस्तशिल्प बोर्ड विभाग के माध्यम से समूह की महिलाओं को गोदना आर्ट पर प्रशिक्षण आगामी सप्ताह तक प्रारंभ किया जायेगा। ग्राम संगठन की महिलाओं द्वारा बीजों एवं गोबर से बनी रंग-बिरंगी और फैंसी राखियों का निर्माण किया जा रहा है। जिसे बिहान के विभिन्न विक्रय केन्द्रों जैसे अंबुजा मॉल, मैग्नेटो मॉल, इन्द्रावती भवन कैंटिन, ग्रामीण हाट बाजार आदि के माध्यम से विक्रय किया जा रहा है।














