महाराष्ट्र में ‘डेल्टा प्लस’ के केस बढ़कर हुए 103, इन जिलों में मिले 27 नए मामले

 
नई दिल्ली

 कोरोना वायरस की तीसरी लहर की आशंका को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने कहा है कि अगर राज्य में महामारी की नई लहर आती है, तो वो इससे निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। हालांकि, कोरोना वायरस के 'डेल्टा प्लस' वेरिएंट के बढ़ते मामलों ने राज्य सरकार की चिंताएं बढ़ा दी हैं। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में डेल्टा प्लस वेरिएंट के 27 नए मामले मिले हैं, जिसके बाद इस वेरिएंट से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 103 हो गई है। इन 27 नए मामलों में से 6-6 केस गढ़चिरौली और अमरावती में, नागपुर में 5 केस, अहमदनगर में 4 केस, यवतमाल में 3 केस, नासिक में 2 केस और भंडारा जिले में एक केस मिला है। इससे पहले बीएमसी ने रविवार को जारी अपनी प्रेस रिलीज में कहा कि जांच के लिए भेजे गए 188 सैंपल्स में से मुंबई में 128 के अंदर डेल्टा वेरिएंट मिला है। इसके अलावा 2 केस अल्फा वेरिएंट और 24 केस कप्पा वेरिएंट के भी मिले हैं। देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के लिए कोरोना के डेल्टा वेरिएंट को ही जिम्मेदार पाया गया है।
 
कस्तूरबा हॉस्पिटल में लगाई गई जीनोम सीक्वेसिंग लैब
आपको बता दें कि बीएमसी ने चिंचपोकली इलाके में स्थित कस्तूरबा हॉस्पिटल में जीनोम सीक्वेसिंग की एक नई लैब स्थापित की है। 4 अगस्त को इस लैब का उद्घाटन होने के बाद बीएमसी ने पहली बार यहां कोरोना के सैंपल्स की जीनोम सीक्वेंसिंग की है। बीएमसी के मुताबिक, इस लैब में एक बार में 384 सैंपल्स की टेस्टिंग की जा सकती है और चार दिनों के भीतर उन सैंपल्स का रिजल्ट दिया जा सकता है।

मुंबई में मिले कोरोना के 225 नए केस
गौरतलब है कि सोमवार को महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 3643 नए केस मिले, जिनमें से 225 मरीज मुंबई में सामने आए। वहीं, मुंबई में कोरोना की वजह से 4 लोगों की मौत भी हुई। इस बीच महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने सोमवार को बयान दिया कि कोरोना वायरस महामारी की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से तैयार है।