महापुरूषों के जीवन से प्रेरणा लेने की जरूरत: पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह

 धूम -धाम से मनाई गई राष्ट्रवीर दुर्गादास जयंती

छतरपुर

सिंघाड़ी नदी के पास स्थित काली माता मंदिर प्रांगण में राठौर समाज द्वारा आज शुक्रवार को राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर जी की 383वीं जयंती भाजपा नेता पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह गुड्डू भैया के मुख्य आतिथ्य में हर्षोल्लास व धूम-धाम के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन व ध्वजारोहण के साथ हुआ। 

राठौर समाज के सह सचिव डाॅ. मूलचन्द राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि जयंती के मौके पर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्य समिति सदस्य पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने राठौर समाज की कुल देवी काली माता के मंदिर निर्माण में अपनी ओर से छत डलवाये जाने की घोषणा की। जिसका समाज के सभी लोगों ने करतल ध्वनी से स्वागत किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में राठौर समाज के अध्यक्ष किशोरी लाल राठौर, सचिव पर्वत राठौर, सह सचिव डाॅ. मूलचन्द राठौर सहित सभी पदाधिकारियों ने अतिथियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत सम्मान किया। इस मौके पर भारी संख्या में एकत्रित हुए राठौर समाज के लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा नेता पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हमें वीर शिरोमणी राष्ट्रवीर दुर्गादास जी राठौर की 383वीं जयंती में शामिल होने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि दुर्गादास जी मारवाण के वीर योद्धा थे उन्होंने महाराणा प्रताप के साथ एक सैनानी के रूप में कई युद्ध लड़े और अपनी वीरता का लोहा मनवाया। आज जरूरत है कि हम सभी ऐसे महान पुरूष के जीवन से प्रेरणा लें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवीर दुर्गादास जी की जयंती पर समाज के लोगों को उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। इस मौके पर समाज के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक देश भक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। भाजपा नेता ने राठौर समाज द्वारा निर्मित किए जा रहे अपनी कुल देवी काली माता मंदिर में अपनी स्वयं की निधि से छत का निर्माण कराए जाने की भी घोषणा की। कार्यक्रम में सुनील राठौर, गजेन्द्र सिंह, मूलेश राठौर, गौरीशंकर, राजू राठौर सहित राठौर समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित थे।