महानदी के तटवर्ती गांवों में आदमखोर तेंदुए की दहशत… दावा सही है तो दो आदमखोर तेंदुए घुम रहे हैं…मिली महिला की क्षत विक्षत लाश

चारामा

चारामा क्षेत्र के महानदी के तटवर्ती गांवों में आदमखोर तेंदुए की दहशत बढ़ती जा रही है। दिनदहाड़े इलाके में घुमने वाला आदमखोर तेंदुआ अब तक कई मवेशियों व ग्रामीणों पर हमला कर चुका है। 17 दिन के अंदर उसने दूसरी बार भैंसाकट्टा गांव में घर में घुस कर महिला पर हमला किया और उसे नोच-नोच कर खा गया। महिला की आधी-अधूरी लाश खेतों में मिली। इस घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीण काफी डरे हुए हैं।

मिली महिला की क्षत विक्षत लाश

चारामा के गांव भैंसाकट्टा में बीती रात महिला उर्मिला बघेल 35 वर्ष बाथरूम जाने उठी। इसी दौरान बाड़ी में तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे घसीटते झाड़ियों में ले गया। यहां उसे नोच-नोच कर खा गया। परजन बताते हैं कि सुबह जब वे उठे तो महिला घर में नहीं दिखी। आंगन में खून के धब्बे दिखे। निकट ही खेत में महिला की क्षत विक्षत लाश मिली। महिला के के शरीर के ऊपरी हिस्से को तेंदुआ खा चुका था। 20 अगस्त भी पलेवा भी ऐसी घटना हुई थी।

चारामा के इन गांवों में है भालुओं और तेंदुओं की दहशत
तेंदुए की दहशत चारामा के महानदी तट के गांव पलेवा, कोटेला, बांडाटोला, हटकाचारामा, रानीडोंगरी, अरौद, भैंसाकट्‌टा, गितपहर, हल्बा, जेपरा में है। अरौद की जोगीगुंडरा पहाड़ी, पलेवा के नयापारा मार्ग स्थित पहाड़ी व अन्य पहाड़ियों में तेंदुओं का ठिकाना है। यहां भालू भी निवास करते हैं। जिले में ऐसे कई गांव है जहां हाथियों से बचने के लिए लोगों को रतजगा करना पड़ता है। महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा के लिए रात में स्कूल या सामुदायिक भवन में सुलाना पड़ता है।

आदमखोर की दहशत
12 दिसंबर 2017- कांकेर से 8 किमी दूर खमडोढ़गी में 65 वर्षीय वृद्ध महिला शन्नो हिचामी का तेंदुए ने शिकार किया। महिला का एक पैर, रीढ़ की हड्डी व दोनों हाथ ही मिल सके।
22 दिसंबर 2017 – कोरर के बांसकुंड जंगल में महिला दुकली टेकाम 63 वर्ष निवासी तेलम्मा का शिकार। शव के दोनों हाथ व पैर ही मिले।
20 अगस्त 2021- चारामा के पलेवा में घर में सो रहे गाड़ाराम जुर्री 70 वर्ष को तेंदुआ उठा ले गया। शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया लेकिन तब वह बुजुर्ग को मार चुका था।
7 सितंबर 2021- भैंसाकट्‌टा में महिला उर्मिला बघेल 35 वर्ष का किया शिकार। घर के बाहर झाड़ियों में क्षतविक्षत लाश मिली।

वन विभाग का अगर दावा सही तो दो आदमखोर तेंदुए घुम रहे हैं
इससे पहले पलेवा में तेंदुआ द्वारा बुजुर्ग की हत्या किए जाने के बाद वन विभाग ने कहा था अमला पूरी तरह मुस्तैद है, दूसरी घटना होने नहीं दी जाएगी। अब दूसरी घटना के बाद वनविभाग का कहना है कि तेंदुए ने दूसरी तरफ हमला किया है। इस घटना के बाद वन विभाग ने उच्चाधिकारियों को पत्र लिख तेंदुआ को पकड़ने की बात कही गई है क्योंकि वह आदमखोर हो गया है। वनविभाग यह मानने को तैयार नहीं है कि यह हमला पलेवा में बुजुर्ग पर हमला करने वाले तेंदुए ने किया है। वनविभाग का अगर यह दावा सही है तो चारामा इलाके में दो आदमखोर तेंदुए घुम रहे हैं। हल्बा से अरौद तक पांच तेंदुए होने की बात कही गई है। कितने आदमखोर हुए हैं यह स्पष्ट नहीं है।