अररिया
बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज के डेडिकेटेड कोविड-हेल्थ सेंटर में मरीजों से जांच के नाम पर खून लेने तथा 24 सौ रुपये की दर से उगाही करने संबंधित हिन्दुस्तान में खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। खबर छपने के साथ ही शुक्रवार को डीएस ने डीसीएचसी के नोडल पदाधिकारी डॉक्टर केएन सिंह को हटाते हुए डॉ दीपक कुमार को नया पदाधिकारी बनाया गया है।
अनुमंडल अस्पताल के डीएस डॉक्टर रेशमा राजा ने बताया कि नोडल पदाधिकारी रहे डॉ केएन सिंह से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण पूछा गया है कि आखिर किस परिस्थिति में प्रावधान के खिलाफ पैथोलॉजी कर्मी द्वारा डीसीएससी में प्रवेश कर जांच के नाम पर मरीजों से ब्लड लेकर राशि उगाही की शिकायत मिली है। वहीं सीएस डॉक्टर एमपी गुप्ता ने कहा कि डीसीएचसी की घटना बेहद गंभीर है। फारबिसगंज अनुमंडल अस्पताल के डीएस से पूरे जांच प्रतिवेदन की मांग की गई है। इस मामले में दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इधर एसडीओ सुरेंद्र कुमार अलबेला ने बताया कि डीसीएचसी की घटना की विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है। डीसीएचसी में सीसीटीवी कैमरा लगाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। एसडीओ ने कहा कि दरअसल डीसीएचसी में अवस्थित बंदी सेल के लिए ही सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश था मगर ताजा मामले को लेकर डीसीएचसी को सीसीटीवी कैमरा से लैस किया जाएगा।














