मुंबई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ टिप्पणी को लेकर गिरफ्तार किए गए केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने जमानत के बाद कहा है कि उनकी जन आशीर्वाद यात्रा जारी रहेगी। शुक्रवार को सिंधुदुर्ग जाने की जानकारी देते हुए राणे ने कहा कि गिरफ्तारी के दौरान पार्टी उनके साथ खड़ी रही। इसके साथ ही बीजेपी सांसद ने एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर रहीं दिशा सालियान की मौत का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा है कि दिशा सालियान के मामले को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाऊंगा और जब तक दोषियों को सजा नहीं हो जाती चैन से नहीं बैठूंगा।
दिशा सालियान की पिछले साल 8 जून को मुंबई की एक बिल्डिंग के 14वें माले से गिरकर मौत हो गई थी। उसके बाद नारायण राणे ने दावा किया था कि दिशा की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उनके प्राइवेट पार्ट्स पर चोट की बात सामने आई थी। राणे ने ये भी आरोप लगाया था कि दिशा के रेप के बाद उनकी हत्या कर दी गई थी। दिशा की मौत के छह दिन बाद ही सुशांत सिंह राजपूत भी अपने फ्लैट में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। इस वजह से दोनों मौतों को एक साथ जोड़कर देखा जा रहा है। नारायण राणे ने कहा था कि इन सबमें महाराष्ट्र सरकार के एक मंत्री संलिप्त हैं।
बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस की ओर से मुख्यमंत्री के खिलाफ टिप्पणी को गलत बताए जाने पर राणे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ''मैंने कुछ भी गलत नहीं कहा है। लेकिन यदि देवेंद्र फडणवीस कहते हैं कि यह गलत है तो मैं स्वीकार कर लूंगा, क्योंकि वह हमारे मार्गदर्शक हैं।'' इस दौरान उन्होंने यह भी पूछा कि उद्धव ठाकरे ने यूपी के मुख्यमंत्री को चप्पल मारने की बात कही थी, उस पर क्या कार्रवाई हुई?














