बस्तर संभाग में 15 से 18 वर्ष के 1.89 लाख बच्चों को लगाए जाएंगे टीके…. 10 जनवरी से हेल्थ वर्कर्स, फ्रंट लाइन वर्कर्स को लगेगा तीसरा डोज

सुकमा,

राज्य में कोरोना के तेजी से हो रहे प्रसार को देखते हुए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य अमला ने कोरोना से बचाव की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत जिले में 15 से 18 वर्ष के बच्चों को 3 जनवरी से टीके भी लगाए जाएंगे। दूसरे शब्दों में कहें, तो जिनका जन्म वर्ष 2007 या इससे पहले का है, वह बच्चे इसके लिए पात्र होंगे। सभी पात्र लाभार्थी 1 जनवरी से कोविन एप पर अपना पंजीयन करा सकते हैं।

सीएमएचओ सी.बी.पी.बंसोड़ ने बताया, “15 से 18 वर्ष के बच्चों को लगने वाले टीके केवल को-वैक्सीन के ही होंगे। बच्चों को टीकाकरण से घबराने की जरूरत नही है। वैक्सीन बिल्कुल सुरक्षित है। यह सुरक्षा कवच प्रदान करेगी। जिले में प्राप्त लक्ष्य के अनुसार कुल 14,581 बच्चों को इसका लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त 60 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग के नागरिक जो किसी बीमारी से ग्रसित हैं एवं कोविड-19 के दोनो डोज प्राप्त कर चुके है वह चिकित्सक के सलाह के अनुसार डोज के लिये 10 जनवरी 2022 से पात्र होगें। जिले में ऐसे पात्र लाभार्थियों की संख्या 4,595 है।

बस्तर संभाग में कुल 1.89 लाख 15 से 18 वर्ष के बच्चे कोविड टीके के लिये लक्षित हैं। बस्तर जिले में सर्वाधिक 52,142 बच्चों को इसका लाभ मिलेगा। जबकि कांकेर में 45,902, कोंडागांव में 36,108, दन्तेवाड़ा में 17,560, बीजापुर में 14,949, सुकमा में 14,581 और नारायणपुर में 8,694 बच्चे टीके का लाभ ले सकेंगे। 60 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग के नागरिक जो पूर्व किसी बीमारी से ग्रसित हैं की संख्या बस्तर संभाग में 59,850 है। जिलेवार इनके आंकड़े सर्वाधिक बस्तर जिले में 16,430 है, वहीं कांकेर में 14,464, कोंडागांव में 11,378, दन्तेवाड़ा में 5,533, बीजापुर में 4,710, सुकमा 4,591, और नारायणपुर में 2,740 है

यह लोग होंगे प्रिकॉशन डोज के लिए पात्र

केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और गंभीर बीमारियों से पीड़ित 60 वर्ष से अधिक के लोगों को 10 जनवरी से कोरोना वैक्सीन की तीसरी प्रिकाशन डोज दी जाएगी। इस वर्ग के ऐसे लोग जिनको दूसरी डोज लिए नौ महीने या 39 सप्ताह पूरे हो चुके हैं, वह इस डोज के लिए पात्र होंगे। पात्र नागरिक कोविन एप में पंजीयन कर तीसरा टीका लगवा सकते हैं।