
रायपुर
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता व छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत ने रायपुर दुर्ग के बीच कुम्हारी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर से गिरकर पति पत्नी की मौत को दुर्भाग्यपूर्ण हादसा बताते हुए संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना की गहराई से जांच कर जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
पूर्व लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि राज्य सरकार को यह देखना चाहिए कि जहां कहीं भी इस तरह के हादसे की आशंका है, वहां एहतियात बरता जाये। इस हादसे से सबक लेकर नागरिक सुरक्षा के सभी इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो। निर्माण कार्य के दौरान सभी को सचेत रहने की जरूरत है और निर्माण कार्य में लगी व्यवस्था के साथ सरकार को भी लोगों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहना चाहिए।















