प्रदेश में 28-29 अक्टूबर को होने वाली कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित

भोपाल

DA और प्रमोशन समेत 5 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे मध्यप्रदेश के कर्मचारियों की 28 और 29 अक्टूबर को होने वाली हड़ताल स्थगित हो गई है। लोकसभा-विधानसभा उप चुनाव के चलते कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल नहीं करने का फैसला लिया है। हालांकि, 22 अक्टूबर को प्रदेशभर में कलेक्टरों को PM नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। वहीं, नवंबर में भोपाल में प्रदेश स्तरीय धरना और आमसभा की जाएगी।

मप्र अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया है। दरअसल, आंदोलन 4 चरण में किया जाना है। जिसके 8 अक्टूबर को 2 चरण पूरे हो चुके हैं, जबकि 22 अक्टूबर को तीसरा और 28-29 अक्टूबर को चौथा चरण होना है, लेकिन इससे पहले 28-29 अक्टूबर को प्रस्तावित हड़ताल स्थगित कर दी गई।

मोर्चा से जुड़े संगठनों ने लिया फैसला

22 अक्टूबर को भोपाल में प्रदेश व्यापी धरना प्रदर्शन एवं आमसभा की जानी थी। वहीं, इसके 8 दिन बाद सरकारी दफ्तरों में ‘लॉकडाउन’ यानी दो दिन की हड़ताल भी प्रस्तावित थी। संयुक्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया, 3 विधानसभा एवं 1 लोकसभा उप चुनाव के कारण 11 जिले आंदोलन से प्रभावित होंगे। जिसके कारण आंदोलन भी प्रभावित होगा।

इसे लेकर मोर्चा से जुड़े सभी संगठनों के पदाधिकारियों से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि ऐसी स्थिति में 22 अक्टूबर को अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के सभी जिलाध्यक्ष प्रधानमंत्री के नाम से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। साथ ही 28-29 अक्टूबर की अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित करते हुए 21 नवंबर 2021 को प्रांत व्यापी धरना प्रदर्शन, रैली एवं आमसभा भोपाल में की जाएगी।