भोपाल
प्रदेश में रहने वाले फ्रीडम फाइटर्स के परिवारों की तलाश में कांग्रेस है। दरअसल कांग्रेस फ्रीडम फाइटर्स की अगली पीढ़ी को पार्टी से जोड़ना चाहती है। इसके लिए प्रदेश भर में अभियान चलाया जाएगा। हाल ही में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देश पर इस अभियान का प्रदेश प्रभारी भी बना दिया है। वहीं जिलों में भी कुछ पदाधिकारियों को फ्रीडम फाइटर्स के परिवारों की तलाश कर उन्हें पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी भी दी जाएगी। देश की आजादी के लिए लड़ने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार किस हाल में हैं, यह जानने अब कांग्रेस अभियान चला रही है। हालांकि इसके पीछे उद्देश्य यह है कि इनके सहारे कांग्रेस प्रदेश में और मजबूत हो सके। प्रदेश में कई ऐसे फ्रीडम फाइटर्स है, जिनका इतिहास आम लोग नहीं जानते हैं। अब उस परिवार की पहचान स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े होने की बताने के लिए कांग्रेस ने अभियान चलाने का फैसला किया है। जिसके चलते कांग्रेस हर जिले में ऐसे परिवारों की तलाश करेगी जिनके बुजुर्ग या पूर्वज फ्रीडम फाइटर्स रहें हैं। इनके परिवारों को अपनी पार्टी से जोड़ने का भी प्रयास होगा, इसके लिए जिलों में कुछ पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी कि वे अपने-अपने जिले में ऐसे परिवारों की तलाश करें, साथ ही फ्रीडम फाइटर्स के योगदान का भी उल्लेख कर प्रदेश कांग्रेस को भेजा जाएगा।














