भोपाल
प्रदेश पुलिस में अब डीएसपी के सीधी भर्ती के खाली पदों पर कार्यवाहक प्रभार देने की तैयारी की जा रही है। पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में गृह विभाग को प्रस्ताव भेजा है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिली तो प्रदेश के लगभग सवा सौ निरीक्षक डीएसपी की सीधी भर्ती के रिक्त पदों पर तैनात किये जाएंगे।
सूत्रों की मानी जाये तो प्रदेश में सीधी भर्ती के डीएसपी के लगभग दो सौ पद खाली है। इतनी बड़ी संख्या में खाली पदों पर नियुक्ति अगले कई सालों में नहीं होना है। इन रिक्त पदों की पूर्ति करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने प्लान तैयार किया है। हाल ही में आरक्षक से लेकर निरीक्षक तक को उनके संवर्ग अनुसार उच्च पद का कार्यवाहक प्रभार दिया गया है। अब डीएसपी के सीधी भर्ती के पद बड़ी संख्या में खाली है। इन पदों पर फिलहाल कार्यवाहक का प्रभार नहीं दिया गया है।
ऐसे में पुलिस मुख्यालय ने करीब सवा सौ निरीक्षकों को डीएसपी के सीधी भर्ती के खाली पड़े पदों का कार्यवाहक प्रभार देने का प्रस्ताव बनाया है। यह प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा जा चुका है। यदि प्रस्ताव मंजूर हुआ तो प्रदेश के सवा सौ निरीक्षक कार्यवाहक डीएसपी के पद का कामकाज देखने लगेंगे।
पुलिस मुख्यालय ने इस प्रस्ताव के मंजूर होने की स्थिति में उपनिरीक्षकों, सहायक उपनिरीक्षकों, प्रधान आरक्षकों और आरक्षकों तक को उच्च पद का कार्यवाहक प्रभार देने का भी खाका खींच लिया है। लगभग सवा सौ निरीक्षकों को डीएसपी का कार्यवाहक प्रभार मिलने पर उपनिरीक्षकों को निरीक्षक का कार्यवाहक प्रभार दिया जाएगा, इसी तरह सहायक उपनिरीक्षक और प्रधान आरक्षक को भी इसका लाभ मिल सकेगा।














