पटना
दिल्ली, मुंबई, पश्चिम बंगाल और चेन्नई जैसे महानगरों में चलने वाला सेक्सटॉर्शन गैंग अब पटना में भी सक्रिय हो गया है। यह गिरोह पहले वीडियो कॉल के जरिये अपने लक्ष्य को जाल में फंसाता है फिर लंबे समय तक उसका आर्थिक दोहन करता है। ऐसे मामलों में लोग अपनी इज्जत की खातिर थानों में शिकायत करने से परहेज करते हैं।
सेक्सटॉर्शन का एक मामला राजीव नगर थाने तक भी पहुंचा था, लेकिन पीड़ित ने आज तक केस दर्ज नहीं करवाया। पटना के एक और युवक से इस गैंग ने वीडियो का भय दिखाकर 10 हजार रुपये वसूल लिये। इस गिरोह में शामिल लड़कियां फेसबुक पर पहले लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट या दोस्त बनने का प्रस्ताव भेजती हैं। रिक्वेस्ट के स्वीकार होने पर लड़की से बात करवायी जाती है।
बातचीत के क्रम में ही लड़की वीडियो कॉल पर अश्लील हरकत करती है। इस चैट का वीडियो दूसरे मोबाइल से गिरोह का सदस्य रिकॉर्ड कर लेता है। इसके बाद सामने वाले को वीडियो भेजकर उसे फेसबुक पर अपलोड करने की धमकी दी जाती है। लोग लड़की के साथ अश्लील चैट की बात सार्वजनिक होने की बात से सहम जाते हैं। इसका भय दिखाकर सेक्सटॉर्शन गिरोह के सदस्य मनमानी रकम वसूलते हैं।