नई दिल्ली
पंजाब कांग्रेस में छिड़ी रार अभी तक थमी नहीं कि पार्टी की हरियाणा इकाई में भी रस्साकशी सबके सामने आ गई है। सोमवार को पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समर्थक करीब 20 विधायकों ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की और राज्य के मौजूदा हालात का उल्लेख करते हुए मजबूत नेतृत्व की मांग उठाई। हुड्डा के करीबी सूत्रों का कहना है कि इन विधायकों ने स्पष्ट किया कि हरियाणा में मजबूत नेतृत्व और संगठन की बदौलत ही भाजपा सरकार को कारगर ढंग से चुनौती दी जा सकती है।
दूसरी तरफ, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी सैलजा के करीबी सूत्रों ने वेणुगोपाल के साथ विधायकों की मुलाकात को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि प्रदेश में संगठन के निर्माण और पार्टी को मजबूत करने के लिए विचार-विमर्श का दौर चल रहा है तथा यह मुलाकात भी इसी से जुड़ी है।
सैलजा समर्थकों का यह भी कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) के नेता ओमप्रकाश चौटाला की जेल से रिहाई के बाद हुड्डा गुट अपनी सक्रियता बढ़ाने की कोशिश में है ताकि जाट समुदाय के बीच पकड़ को बनाए रखा जा सके।
कांग्रेस के एक विश्वस्त सूत्र ने बताया, 'हुड्डा समर्थक विधायकों ने वेणुगोपाल के साथ मुलाकात के दौरान इस बात का उल्लेख किया कि पिछले कुछ वर्षों से हरियाणा कांग्रेस में संगठन नहीं बन पाया है। उन्होंने यह मांग भी उठाई में मौजूदा हालात में वहां कांग्रेस को मजबूत नेतृत्व की जरूरत है। पिछले दिनों हुड्डा समर्थक 19 विधायकों ने कांग्रेस हरियाणा प्रभारी विवेक बंसल से मुलाकात कर कुमारी सैलजा को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की थी।















