नक्सल प्रभावित क्षेत्र में खेल आयोजन से शांति की बयार

गीदम/जावंगा दंतेवाड़ा
बस्तर में नक्सलवाद की हिंसा से विकास की ओर बढ़ते कदम और प्रयासों को और गति देने के उद्धेश्य से स्थानीय खेल प्रतिभाओं को सामने लाने के ध्येय से 231 वीं वाहिनी केरिपुबल के द्वारा अपने शहीद हुए जवानों की याद में दो दिवसीय शशि कमल, मेमोरियल क्रिकेट टूनार्मेंट का आयोजन किया गया। जिसमें डीआरजी दंतेवाड़ा ने 231 बटालियन सीआरपीएफ को फायनल में पराजित कर खिताब जीत लिया स्पर्धा में कुल आठ टीमों ने शिरकत की।

231 वीं वाहिनी केरिपुबल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 231 बटालियन ने अपने शहीद हुए दो रणबांकुरों हवलदार जी डी शशिकांत एवं शहीद जी डी कमल सिंह के बलिदान की याद में दो दिवसीय क्रिकेट स्पर्धा का आयोजन 11 व 12 अगस्त को किया गया। इस दो दिवसयी प्रतियोगिता में 231 वीं वाहिनी सीआरपीएफ,जिला पुलिस बल,मीडिया टीमों के अलावा बीडीएसी भैरमगढ़,फ्रैन्डस क्लब गीदम,यूथ क्लब बारसुर,यूथ क्लब दंतेवाड़ा,यूथ क्लब गीदम की टीमों ने शिरकत की। फायनल मैच डीआरजी दंतेवाड़ा और 231 बटालियन सीआरपीएफ के मध्य खेला गया जिसमें डीआरजी की टीम ने सीआरपीएफ को पराजित कर फायनल मुकाबला जीत लिया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथिसुरेन्द्र सिंह कमाण्डेंट 231 बटालियन अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करते हुए विशेष अतिथि गणअभिषेक पल्लव पुलिस कप्तान दंतेवाड़ा, अधिनस्थ अधिकारीगण, गणमान्य व्यक्ति और प्रेस पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन बस्तर क्षेत्र में शांति स्थापित करने हेतु एक प्रयास है।

श्री सुरेन्द्र सिंह कमाण्डेंट 231 बटालियन ने विजेता टीम डीआरजी दंतेवाड़ा को क्रिकेट मैच की ट्रॉफी व 5000 नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा अभिषेक पल्लव पुलिस कप्तान दंतेवाड़ा ने उप-विजेता टीम 231 बटालियन सीआरपीएफ को ट्रॉफी व 3000 नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया व क्रिकेट टूनार्मेंट में सम्मिलित हुई सभी टीमों के खिलाडिय़ों को बधाई दी। साथ-साथ बटालियन के इस सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया और इस बात पर जोर दिया कि भविष्य में इस प्रकार के आयोजन करने से सुरक्षाबलों एवं ग्रामीणों के मध्य रिश्ते और प्रगाढ़ होंगे और विकास एवं शांति के भी राह प्रशस्त होगी।