नई दिल्ली
विहिप कार्याध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक कुमार ने बताया कि, कोरोना की तीसरी लहर से लोगों की रक्षा कैसे हो इसे लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। विहिप जल्द ही देश के एक लाख गांवों और शहरी बस्तियों में व्यापक जन जागरण अभियान शुरू करने जा रही है। इसमें लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करने के साथ ही पीड़ित परिवारो की मदद भी की जाएगी। इस बार कोरोना महामारी द्वारा छोटे बच्चों को विशेष निशाना बनाए जाने की आशंका को देखते हुए विहिप महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण देने की व्यवस्था कर रही है।
आलोक कुमार ने आगे बताया कि, अवैध मतांतरण एक राष्ट्रीय अभिशाप है। इससे मुक्ति मिलनी ही चाहिए। इस पर रोक हेतु आज 11 राज्यों में तो कानून हैं किन्तु ये समस्या और षड्यंत्र राष्ट्रव्यापी हैं। विहिप की इस अंतरराष्ट्रीय बैठक का सर्व-सम्मत मत है कि इसके लिए एक केंद्रीय स्तर पर कानून बनना चाहिए। तभी देश और समाज को इस अभिशाप से मुक्ति मिल सकती है। सर्वोच्च न्यायालय के कई निर्णयों व वर्तमान परिस्थितियों से भी यह स्पष्ट हो चुका है। केंद्र सरकार को कानून बनाने को लेकर अब और विलंब नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हम सभी हिंदू समाज से भी आह्वान करते है कि भारत विरोधी और हिंदू द्रोही षड्यंत्रों पर सजग निगाहें रखकर सभी संविधान सम्मत उपायों के माध्यम से इन पर रोक लगाएं। इस बैठक में विहिप ने देशभर के मठ-मंदिरों पर सरकारी नियंत्रण से मुक्ति हेतु भी एक प्रस्ताव पारित किया गया। इस प्रस्ताव में कहा गया कि मठ-मंदिर न केवल आस्था अपितु, चिरंजीवी शक्ति के केंद्र व हिंदू समाज की आत्मा हैं। इन्हें सरकारी नियंत्रण में नहीं रखा जा सकता। समाज को स्वयं इनकी देख-भाल व संचालन का दायित्व सौंपना चाहिए।
फरीदाबाद में दो दिन चली विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय प्रबंध समिति व प्रन्यासी मंडल की बैठक में संगठन में कई बदलाव किए गए। केंद्रीय उपाध्यक्ष पद्मश्री रवींद्र नारायण सिंह को केंद्रीय अध्यक्ष बनाया गया वहीं मिंलिद परांडे फिर केंद्रीय महामंत्री चुने गए। आलोक कुमार कार्यकारी अध्यक्ष और चंपत राय केंद्रीय उपाध्यक्ष बने रहेंगे। इसके साथ ही कईं सचिवों के दायित्व में परिवर्तन किया गया है।
केंद्रीय उपाध्यक्ष जगन्नाथ शाही अब केंद्रीय सत्संग और धर्माचार्य टोली में रहेंगे। पूर्व न्यायाधीश विष्णु नारायण कोकजे भी केंद्रीय टोली में रहेंगे। गौरतलब है कि, विहिप में प्रत्येक तीन वर्ष पर चुनाव होते हैं। यह बैठक शनिवार से हरियाणा के फरीदाबाद में प्रारंभ हुई थी। बैठक में आरएसएस के पूर्व सरकार्यवाह भय्याजी जोशी समेत देशभर के लगभग 275 विहिप पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।














