खगड़िया
खगड़िया जिले में रविवार को अलग-अलग घटनाओं में डूबकर एक किशोर सहित दो लोगों की मौत हो गई। चौथम थाना क्षेत्र के सोनवर्षा घाट में रविवार की सुबह मछली मारने के दौरान बागमती नदी की उपधारा में डूबकर एक मछुआरे की मौत हो गई। मृतक सोनवर्षा घाट निवासी 45 वर्षीय मुधो सहनी था। परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच 107 पर शव रखकर सड़क को दो घंटे जाम कर दिया। हालांकि बाद में सीओ भरत भूषण सिंह के आश्वासन पर जाम तोड़ा गया। परिजनों ने बताया कि मुधो सहनी रोज की तरह छोटी नाव से मछली मारने के लिए बागमती नदी की उपधारा में गया हुआ था। इसी दौरान वह लुढ़ककर गड्ढे में चला गया जिस कारण दम घुटने से उसकी मौत हो गई। बाद में स्थानीय लोगों द्वारा उसे पानी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद कोहराम मच गया। परिजनों व ग्रामीणों ने शव को एनएच 107 के सोनवर्षा घाट चौक के समीप रखकर एनएच को जाम कर दिया। जाम में सैकड़ों वाहन फंस गये। सूचना पर सीओ भरत भूषण सिंह एवं थानाध्यक्ष मुरारी कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आश्वासन दिया कि जल्द ही मुआवजे की राशि दी जाएगी। इसके बाद जाम तोड़ा गया। इस बीच दो घंटे तक सड़क जाम रहा।
दूसरी ओर गोगरी थाना अंतर्गत मुश्कीपुर कोठी के समीप रविवार को बाढ़ के पानी में नहाने के दौरान एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। मुश्कीपुर कोठी स्थित जीएन बांध के दक्षिणी भाग में दर्जनों लोग स्नान कर रहे थे। स्नान के दौरान एक बालक के डूबते देख नदी तट पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय तैराकों ने बाढ़ के पानी से डूबे हुए बालक के शव को निकाला। शव की पहचान मुश्किपुर कोठी के रहने वाले पप्पू साह के 14 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में की गई। घटना की खबर मिलते ही गोगरी सीओ रंजन कुमार व थानाध्यक्ष पवन कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृत किशोर के परिजनों की चीत्कार से माहौल देखते ही देखते गमगीन हो गया।















