दिल्ली पुलिस ने बीजेपी प्रवक्ता अश्विनी उपाध्याय समेत 6 लोगों को हिरासत में लिया

नई दिल्ली
जंतर-मंतर पर भड़काऊ नारेबाजी से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस ने बीजेपी प्रवक्ता अश्विनी उपाध्याय समेत 6 लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। अश्विनी उपाध्याय के अलावा बाकी 5 लोगों के नाम हैं विनोद शर्मा, दीपक सिंह, विनीत क्रांति, प्रीत सिंह और दीपक। बता दें कि इससे पहले इस मामले में दिल्ली के बीजेपी प्रवक्ता अश्विनी उपाध्याय की ओर से सफाई आई थी। उन्होंने कहा कि आठ अगस्त को सेव इंडिया फाउंडेशन के तहत जंतर मंतर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जहां केवल 50 लोगों को आमंत्रित किया गया था लेकिन वहां पर बढ़ते लोगों की वजह से वो वहां से चले गए थे।

पेशे से एडवोकेट अश्वनी उपाध्याय ने कहा कि जब तक मैं जंतर-मंतर पर था, वहां पर किसी भी तरह की कोई भी नारेबाजी नहीं हुई थी, जिस बारे में बात की जा रही है, उसके बारे में मुझे कुछ पता नहीं है। उल्टा उन्होंने पुलिस से अपील की थी कि वो इन नारे लगाने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन लें। आपको बता दें कि पुलिस स्टेशन पहुंचने से पहले अश्विनी उपाध्याय ने एक ट्वीट भी किया था।

'वीडियो में शामिल लोगों से मैं कभी मिला'
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा था कि 'कभी सोचा नहीं था कि अंग्रेजी कानूनों को खत्म करने और समान संहिता लागू करने की मांग करने के कारण सेक्युलर इतने नाराज हो जाएंगे, जंतर मंतर पर एक व्यक्ति ने फांसी लगाया था, क्या उसके लिए केजरीवाल से पूछताछ हुई थी, वीडियो में शामिल लोगों से न तो मैं कभी मिला और न तो कभी उन्हें देखा।'

 क्या है मामला?
दरअसल एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें दिख रहा है कि रविवार, 8 अगस्त को दिल्ली के जंतर-मंतर इलाके में कुछ लोगों ने मुस्लिम विरोधी नारे लगाए थे, ऐसा कहा जा रहा है कि ये नारे सेव इंडिया फाउंडेशन की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में लगाए गए हैं और उस कार्यक्रम में दिल्ली के बीजेपी प्रवक्ता अश्विनी उपाध्याय भी मौजूद थे, जिसके बाद खबर थी कि दिल्ली पुलिस अश्विनी उपाध्याय को अरेस्ट भी कर सकती है। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना था कि उसने इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी। बता दें कि दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने आरोपियों के खिलाफ कड़े एक्शन लेने की बात कही है।