ट्रिपल आईटी में 17 अगस्त से शुरू हो जाएगी एमटेक और पीएचडी की पढ़ाई

 भागलपुर 
भागलपुर ट्रिपल आईटी में पहली बार बीटेक के बाद एमटेक और पीएचडी की पढ़ाई 17 अगस्त से शुरू हो जाएगी। बीते पांच दिनों में ऑनलाइन परीक्षा और साक्षात्कार के बाद छात्रों का चयन हुआ। गुरुवार को इसकी सूचना छात्रों को उनके ईमेल आईडी पर भेज दी गई है। एमटेक और पीएचडी करने के लिए विभिन्न इंजीनियरिंग कॉलेज, आईआईटी, एनआईटी और ट्रिपल आईटी से 100 के करीब छात्रों ने आवेदन किया था। निदेशक प्रो. अरविंद चौबे ने कहा कि एमटेक और पीएचडी के अलग-अलग विभागों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है। साथ ही इसकी सूचना सभी छात्रों को भेज दी गई है। पीआरओ डॉ. धीरज कुमार ने कहा कि नामांकन की प्रक्रिया भी जल्द ही शुरू हो जाएगी।

32 आवेदन में नौ छात्रों का चयन 
पीआरओ ने बताया कि पीएचडी प्रोग्राम के तहत डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में कुल 32 आवेदन आए थे। इसमें रिटन और साक्षात्कार की प्रक्रिया अपनाने के बाद नौ छात्रों का चयन हुआ है। इंटरव्यू में 22 छात्र शामिल हुए थे। इसी तरह इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कंम्युनिकेशन में 26 आवेदन आए थे। 

20 इंटरव्यू में शामिल हुए थे। इसमें से आठ छात्रों का चयन हुआ है। मेकाटॉनिक्स इंजीनियरिंग में 22 आवेदन में से 16 इंटरव्यू में शामिल हुए। उसमें से सात का चयन हुआ है। डिपार्टमेंट ऑफ मैथमेटिक्स में नौ आवेदन में आठ रिटन और तीन का फाइनल हुआ। एक वेटिंग पर है।