रांची
झारखंड में आसमानी बिजली गिरने से 16 लोगों की मौत हो गई। अधिकांश मामले ग्रामीण क्षेत्रों के हैं। खेतीबारी का समय होने के कारण लोग खेतों में काम करने गए थे। इसी दौरान हुए वज्रपात से मौत हो गई। मरनेवालों में हजारीबाग के दो चचेरे भाई-बहन और गिरिडीह की दो सगी बहनें शामिल हैं। हजारीबाग जिले के दारू की अमनारी पंचायत के शेखा गांव में वज्रपात से रूबी कुमारी (15 वर्ष) एवं अनीश कुमार यादव (उम्र 8 वर्ष) की मौत हो गई। दोनों आपस में चचेरे भाई-बहन हैं। इसी जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के बेलतु पंचायत के उफरोल गांव में एक महिला चंदो देवी की वज्रपात से मौत हो गई। चतरा के हंटरगंज के तिलहेत के महगोदवा गांव में शनिवार की देर शाम वज्रपात के चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक संजय रविदास का 18 वर्षीय पुत्र नरेंद्र कुमार है। गढ़वा के सदर थाना क्षेत्र के रंका बौलिया के लेबार टोला निवासी 40 वर्षीय चंद्रदेव पासवान की मौत वज्रपात से हो गई। घटना के समय वह रंका के गोहरेया स्थित खेत में काम कर रहा था। वज्रपात की दूसरी घटना डंडा प्रखंड के कोरटा गांव में हुई। यहां वज्रपात की चपेट में आने से डंडा थाना क्षेत्र के मिखही गांव निवासी 32 वर्षीय सुनील चौधरी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। पलामू जिले के पांडू व नौडीहा थाना क्षेत्र में कृषि कार्य के दौरान वज्रपात की चपेट में आ जाने से शनिवार को दो किसानों व एक किसान पुत्र की मौत हो गयी। पांडू थाने के लेदुका गांव में खेत में काम करने के दौरान किसान नंदु राम (45), नौडीहा थाना क्षेत्र के हरबे गांव के किसान सुरेश राम (45) और कुहकुह गांव निवासी किसान पुत्र राजू कुमार (17) की मौत हो गयी जबकि लेदुका के राजन चौधरी (37) और नौडीहा थाना क्षेत्र कुहकूह गांव में किसान का 15 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। लोहरदगा में भी वज्रपात से एक युवक की मौत हो गई।
गिरिडीह जिले के पीरटांड़ और बेंगाबाद में शनिवार को तीन महिलाओं की मौत हो गईं जबकि तीन अन्य महिलाएं झुलसकर घायल हो गई हैं। पीरटांड़ के मंडरो पंचायत के लक्ष्मीपुर में ठनका की चपेट में आने से दो सगी बहनों की मौत हो गईं। वहीं बेंगाबाद के लछुआडीह में धान रोप रही महिलाओं पर ही ठनका गिर गया जिससे एक की मौत हो गई और तीन अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को सदर अस्पताल गिरिडीह में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं दुमका जिले में वज्रपात की 4 अलग-अलग घटनाओं में 3 लोगों की मौत हो गई वहीं पांच लोग घायल हो गए। इसमें 3 घटनाएं जरमुंडी और एक घटना सरैयाहाट में हुई।