जश्न-ए-आजादी” मुशायरे का ऑनलाइन आयोजन

भोपाल

संस्कृति विभाग की मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी द्वारा 'आजादी का अमृत महोत्सव' के अंतर्गत "जश्न-ए-आजादी" मुशायरा का ऑनलाइन आयोजन किया गया। मुशायरे का लाइव प्रसारण मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी के फेसबुक पेज और यूट्यूब चैनल पर किया गया। अकादमी की निदेशक डॉ. नुसरत मेहदी ने कहा कि संस्कृति विभाग मध्यप्रदेश आज़ादी का अमृत महोत्सव उत्साहपूर्वक मना रहा है। "जश्न-ए-आजादी" मुशायरा उसी सिलसिले की एक कड़ी है। यह मुशायरा उन क्रांतिकारी अमर शहीदों को समर्पित है, जिन्होंने देश के लिए लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी।

मुशायरे में शायरों ने देश प्रेम और सामाजिक एकता व समरसता को बढ़ावा देने वाले अशआर के साथ ही अन्य कलाम भी पेश किये।  जफ़र सहबाई, फारूक अंजुम (भोपाल), नईम अख्तर खादिमी (बुरहानपुर), मदन मोहन मिश्र दानिश (ग्वालियर), आलोक श्रीवास्तव (विदिशा), डॉ. अनु सपन (भोपाल) साबिर सहबा (इंदौर), रश्मि सबा (ग्वालियर), डॉ. राहत बद्र (भोपाल) और इस्मत जैदी शिफ़ा (सतना) ने कार्यक्रम के दौरान देश प्रेम से जुड़े अशआर पेश कर देश के वीर सपूतों को सच्ची श्रद्धांजलि दी।