छतरपुर
कोविड से सुरक्षा के लिए तैयार किए जा रहे टीका के सुरक्षा चक्र में एक और कदम आगे बढ़ा है। छतरपुर जिले की नगरपरिषद बक्स्वाहा और चंदला में शत-प्रतिशत कोविड टीकाकरण हो गया है। छतरपुर प्रदेश का एक-मात्र ऐसा जिला है जिसके 11 नगरीय क्षेत्रों में लोगों ने कोविड से सुरक्षित रहनें के लिए जीवन के सुरक्षा कवच का कोविड टीका लगवाया। यह उपलब्धि समाज के सहभागिता से हासिल हो सकी है। कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने सर्वसमाज, टीकाकरणदल सहित संबंधित सभी लोगों को बधाई दी। बक्स्वाहा नगरपरिषद में 6 हजार 541 तथा चंदला में 8 हजार 573 महिलाओं एवं पुरुषों को कोविड टीके लगाये गए।
सेंकड डोज एक लाख से कम
मंगलवार को जिले के 18 सेंटरों पर गर्भवती महिलाओं का वैक्सीनेशन किया गया। शाम तक 800 से ज्यादा महिलाओं को कोविड टीका लगाया गया। जिले में अबतक कुल 6 लाख 82 हजार 260 लोगों को टीका लगा है। जिसमें से 5 लाख 90 हजार 634 लोगों को पहला टीका लगाया गया है, हालांकि जिले में अभी दोनों टीका लगवाने वालों की संख्या 91 हजार 626 है। वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने वाले बडी संख्या में बाकी रह गए हैं। जिले में अबतक 12 हजार लोगों ने को-वैक्सीन का दूसरा डोज नहीं लगवाया है। वहीं, 60 हजार लोगों ने अभी तक कोविशील्ड का दूसरा डोज नहीं लगवाया है। जिले में अब तक 6 लाख 6 हजार 147 लोगों ने कोविशील्ड वैक्सीन लगवाई है, वहीं, 76हजार 113 लोगों ने को वैक्सीन लगवाई है।















