गंजबासौदा कुएं हादसे के पीड़ित असमंजस में, कलेक्टर का दावा सोमवार को हो जाएगा भुगतान

भोपाल
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि गंजबासौदा में हुए हादसे में मारे गए लोगों को परिजनों के चेक बैंक वापस कर रहा है। इस आरोप के बाद विदिशा जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और आनन-फानन में इस मामले की जानकारी जुटाई गई। जिसमें पता चला कि बैंक के क्लर्क की गलती के कारण हितग्राही को वापस लौटा दिया गया था। अब सोमवार को यह राशि हितग्राही को मिल जाएगी।

विदिशा कलेक्टर डॉ. पंकज जैन ने बताया कि एक हितग्राही अपना चेक सागर जिले के मंडीबामौरा स्थित बैंक में केश करवाने  के लिए गई थी। बड़ी रकम होने के चलते बैंक के क्लर्क ने चेक जारी करने वाले अफसर से बात करने के लिए फोन लगाया, लेकिन उस वक्त फोन नहीं उठा। इसके चलते क्लर्क ने हितग्राही का चेक वापस कर उन्हें बिना भुगतान किए वापस कर दिया। कलेक्टर ने बताया कि मामला सिर्फ एक हितग्राही का था। बैंक के मैनेजर से बात हो चुकी है। सोमवार को भुगतान कर दिया जाएगा।

इधर कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मृतकों के परिजनों को दिए गए राज सहायता के चेक को बैंक लौटा रहे हैं। यह गरीब पीड़ितों को अपमानित करने का प्रयास है। कांग्रेस ने मांग की है कि चेक वापस करने वालों के खिलाफ सरकार एक्शन ले।