कोविड-19 पर स्वास्थ्य सचिव सदन के नेताओं को करेंगे संबोधित 

 नई दिल्ली 
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में कोविड-19 पर सदन में राजनीतिक दलों के नेताओं को संबोधित करेंगे। हेल्थ सेक्रटरी शाम 6 बजे सदन को संबोधित करेंगे और इस दौरान वह नेताओं को सरकार की ओर से किए गए कोरोना प्रबंधन पर प्रजेंटेशन भी दिखाएंगे। पहले यह खबर थी कि पीएम मोदी खुद यह प्रजेंटेशन देंगे, जिसको लेकर विपक्षी पार्टियों ने आपत्ति जताई थी। 
 
विपक्षी दलों ने रविवार को सर्वदलीय बैठक में संसद परिसर की एक इमारत में कोविड-19 पर सभी दलों के नेताओं को मोदी द्वारा संयुक्त संबोधन दिए जाने के सरकार के प्रस्ताव पर आपत्ति जताई थी और कहा था कि जिस वक्त संसद का सत्र चल रहा है उस वक्त यह 'बेहद अनियमित' है। साथ ही बैठक में दावा किया गया था यह नियमों की उपेक्षा करना है।

तृणमूल नेता ब्रायन ने ट्वीट किया,'संसद, रचनात्मक विपक्ष चलता रहे। सर्वदलीय बैठक में संसदीय मामलों के मंत्री ने घोषणा की 'प्रधानमंत्री एक सम्मेलन कक्ष में कोविड-19पर प्रस्तुति देंगे। हम इस बात पर अड़े रहे कि प्रधानमंत्री का कोई भी बयान संसद के अंदर होना चाहिए। अब सूचित किया गया कि माननीय प्रधानमंत्री की मौजूदगी में स्वास्थ्य सचिव बैठक को संबोधित करेंगे।'