कोतमा में एक महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया,मां और बच्चे स्वस्थ्य

कोतमा
 अनूपपुर जिले के कोतमा के पास के गांव में एक घर बच्चों की किलकारी से गूंज रहा है। यहां एक साथ तीन बच्चों ने जन्म लिया। गांव की एक महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया तो परिजनों के साथ ही अन्य कई लोग भी आश्चर्यमिश्रित खुशी से भर उठे। अच्छी बात तो यह है कि तीनों नवजात बच्चे और उनकी मां पूरी तरह स्वस्थ हैं. जिस अस्पताल में यह डिलीवरी हुई वहां के प्रबंधन ने तीनों बच्चों और मां को स्वस्थ्य देख उन्हें डिस्चार्ज भी कर दिया।

आदिवासी अंचल के गांव कोलमी में यह तिहरी खुशी आई है। गांव की महिला फूलबाई को प्रसव पीड़ा हुई तो परिजन उन्हें कोतमा के एक निजी अस्पताल ले गए जहां 25 वर्षीय फूलबाई ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया। बच्चों का जन्म सोमवार को हुआ। सोमवार और सावन मास के संयोग को देखते हुए परिजनों ने इनका नाम जय, शिव और शंकर रख दिया है।

बताया जाता है कि मेडिकल चेकअप के दौरान यह पता चल गया था कि महिला के गर्भ में एक साथ तीन शिशु पल रहे हैं। महिला की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इसे देखते हुए अस्पताल प्रबंधक राजेश जैन ने मेडिकल टीम से चर्चा कर डिलीवरी अस्पताल में डाक्टर्स की देखरेख में ही कराने का निर्णय लिया था। 1 अगस्त को महिला हॉस्पिटल पहुंची जहां दूसरे दिन ऑपरेशन कर डिलीवरी कराई गई।

पति आनंद राम ने बताया कि अस्पताल में 10 दिन तक रखा गया। इस दौरान तीनों बच्चों व प्रसूता की मेडिकल स्टाफ द्वारा लगातार देखरेख की गई। तीनों बच्चों और माता को स्वस्थ पाकर आखिरकार 11 अगस्त को महिला को डिस्चार्ज किया गया। आदिवासी अंचल में इस डिलीवरी की खासी चर्चा हो रही है और बच्चों के नाम लोगों की जुबान पर आ गए हैं।