रायपुर
छत्तीसगढ़ प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक व कला के क्षेत्र के अग्रणी संस्थान वक्ता-मंच द्वारा विभिन्न क्षेत्रो मे उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओ को सम्मानित किये जाने वाले नारी शक्ति शिखर सम्मान-2021 से इस वर्ष कोंडागांव की शिप्रा त्रिपाठी को नवाजा गया।
रायपुर में कोरोना का के सभी मापदंडों का पालन करते हुए आयोजित एक गरिमामय वर्चुअल कार्यक्रम में प्रदेश की नारी शक्ति शिखर सम्मान की घोषणा करते हुए विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में सतत विशिष्ट योगदान देने वाली महिलाओं के साथ शिप्रा त्रिपाठी को यह सम्मान प्रदान किया गया।
छोटे हों या बड़े अंचल में सभी की दीदी के नाम से मशहूर शिप्रा त्रिपाठी के द्वारा बस्तर अंचल की आदिवासी महिलाओं तथा बच्चों के स्वास्थ्य सुधार तथा आर्थिक स्वावलंबन हेतु किए गए, पिछले कई दशकों के कार्यों को रेखांकित करते हुए, उन्हें इस राज्य स्तरीय प्रतिष्ठित सम्मान हेतु चयनित किया गया। उल्लेखनीय है कि शिप्रा त्रिपाठी के द्वारा बस्तर की आदिवासियों के बीच में बिना किसी भी बाहरी अथवा सरकारी सहायता के विगत 25 वर्षों से समर्पण भाव से सेवा कार्य में जुटी अलाभकारी समाज सेवी संस्था 'संपदाझ् तथा इसी तरह की कई सेवाभावी संस्थाओं को महिलाओं तथा बच्चों के शिक्षा, स्वालंबन तथा सुपोषण संबंधी उचित सुझाव व मार्गदर्शन निशुल्क प्रदान किया जाता रहा है।
ये आकाशवाणी की लोकप्रिय सुगम संगीत की कलाकार भी रही हैं। ्इनके द्वारा स्वरबद्ध किये गये कबीर संगीत को की बहुत सराहना मिली है। सुर जगत तथा कलाप्रेमियों में इन्हें बस्तर की स्वर कोकिला के नाम से भी जाना जाता है।
शिप्रा त्रिपाठी कई प्रादेशिक तथा राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख सामाजिक संगठनों के महत्वपूर्ण पदों पर पदाधिकारी भी मनोनीत की गई है। इस प्रतिष्ठित सम्मान हेतु शिप्रा त्रिपाठी के चयन से समाजसेवी संस्थान संपदा, मां दंतेश्वरी हर्बल समूह सहित जिले के सभी लोगों में, विशेषकर महिलाओं में हर्ष व्याप्त है।