केंद्रीय मंत्रिमंडल से UP चुनाव साधने की कोशिश, अनुप्रिया पटेल समेत चार बड़े नाम हो सकते हैं शामिल 

नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल के विस्तार की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों की मानें तो 8 जुलाई, 2021 को केंद्रीय मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार हो सकता है। इसमें 20 से अधिक नए मंत्रियों को मौका दिया जा सकता है, वहीं करीब 10 मंत्रियों के कामकाज में भी बदलाव के भी कयास लगाए जा रहे हैं। इस बीच ऐसी भी खबरें हैं कि कैबिनेट के विस्तार से बीजेपी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को साधने की कोशिश में है, जिसके चलते सहयोगी दलों के सदस्यों को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। 

जिन नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है, उनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुशील मोदी, तीरथ सिंह रावत, सर्वानंद सोनोवाल, पशुपति पारस, आरके रंजन सिंह, अपना दल की अनुप्रिया पटेल जैसे नाम शामिल हैं।

कैबिनेट विस्तार में बंगाल पर नजर
इसके अलावा बंगाल से बीजेपी सांसद नीतीश प्रमाणिक को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा जोरों पर है। वह बीते कई दिनों से दिल्ली में ठहरे हुए हैं। कहा जा रहा है कि फिलहाल वह केंद्र सरकार की ओर से शपथ के बुलावे का इंतजार कर रहे हैं।  नीतीश प्रमाणिक की एंट्री से पता चलता है कि बंगाल में बीजेपी अब भी सक्रिय रहना चाहती है। नीतीश राजबंशी समुदाय से आते हैं, जिस पर विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने खूब दांव लगाया था। ऐसे में भले ही पार्टी को संतोषजनक परिणाम नहीं मिला है, लेकिन वह समुदाय की ओर से मिले समर्थन के एवज में उनके एक नेता को केंद्रीय बनाना चाहती है। इससे राजबंशी समुदाय में संदेश जाएगा और टीएमसी की भी काट की जा सकेगी। 

इस सिलसिले में सबसे बड़ा नाम एनडीएम में बीजेपी की सहयोगी पार्टी अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल का नाम निकल कर सामने आ रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 8 जुलाई को होने वाले कैबिनेट विस्तार में अनुप्रिया पटेल को बड़ा मंत्री दिया जा सकता है। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी अपने सहयोगी दलों को साधने की कोशिश में जुटी है। आपको बता दें कि साल 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के साथ मिलकर इलेक्शन लड़ने वालीं अनुप्रिया को राज्यमंत्री बनाया गया थ, वह पांच साल तक मंत्री रही थीं। 

मोदी सरकार 8 जुलाई को कर सकती है केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार: सूत्र अनुप्रिया पटेल के अलावा मंत्रिमंडल में शामिल करने को लेकर तीन और बड़े नाम सामने आ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यूपी को साधने के लिए बीजेपी में दलित वर्ग की भूमिका बढ़ाने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। इसका एक कारण यह भी है कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी का कोई बड़ा दलित नेता नहीं है। माना जा रहा है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में रामशंकर कठेरिया, लोक जनशक्ति पार्टी नेता और सांसद पशुपति कुमार पारस, वहीं युवा शक्ति को बढ़ावा देने के लिए गांधी परिवार के बड़े नाम वरुण गांधी को लेकर भी चर्चा चल रही है। इसके साथ ही आशंका जताई जा रही है कि यूपी में ब्राह्मण वोट बैंक को आकर्षित करने के लिए मंत्रिमंडल में ब्राह्मण नेता को भी जगह दी जा सकती है।