किसानों का भारत बंद खत्म : प्रदर्शन के दौरान दिल का दौरा पड़ने से एक किसान की मौत.

नई दिल्ली।

तीन कृषि कानूनों के खिलाफ सोमवार को बुलाया गया किसानों का भारत बंद खत्म हो गया है। सुबह 6 से शाम 4 बजे तक रहे बंद के दौरान कई नेशनल और स्टेट हाईवे ब्लॉक रहे। कई रूट डायवर्ट करने पड़े। ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। दिल्ली से जाने वाले कई ट्रेनें रद्द कर दी गईं। बंद का असर हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में ज्यादा दिखाई दिया। दिल्ली-गाजीपुर बॉर्डर को भी 10 घंटे बाद खोल दिया गया।

भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत कहा कि भारत बंद पूरी तरह कामयाब रहा। अब संयुक्त किसान मोर्चा आगे की रणनीति बनाएगा। इस बीच प्रदर्शन के दौरान दिल्ली-सिंघु बॉर्डर पर एक किसान की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि दिल का दौरा पड़ने से उसकी जान गई है। मृतक किसान की पहचान भगेल राम के तौर पर हुई है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद इसे लेकर ज्यादा जानकारी दी जा सकेगी।01

कांग्रेस, RJD, आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी और लेफ्ट पार्टियों ने भारत बंद का समर्थन किया। अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ (AIBOC) से भी बंद को समर्थन मिला। वहीं, सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे आंदोलन छोड़कर बातचीत का रास्ता अपनाएं। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि सरकार किसानों की आपत्तियों पर विचार करने के लिए तैयार है।

पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर नोएडा अथॉरिटी की ओर बढ़े किसान
बड़ी संख्या में किसान नोएडा अथॉरिटी के पास इकट्ठा हुए और पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। इसके बाद वे नोएडा अथॉरिटी की ओर चले गए।02

किसान नेता धवले का दावा- 25 से ज्यादा राज्यों में बंद कामयाब हुआ
अखिल भारतीय किसान सभा के अध्यक्ष अशोक धवले ने कहा कि भारत बंद को पिछले कई साल में इतना समर्थन कभी नहीं मिला था। 25 से ज्यादा राज्यों में बंद कामयाब हुआ है। जब तक किसान विरोधी कानून वापस नहीं लिए जाते और MSP की गारंटी देने वाला केंद्रीय कानून न हो, हम तब तक संघर्ष करने के लिए तैयार हैं।

राहुल गांधी बोले- किसानों का अहिंसक सत्याग्रह आज भी अखंड
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट करके कहा कि किसानों का अहिंसक सत्याग्रह आज भी अखंड है, लेकिन शोषण-कार सरकार को ये नहीं पसंद है। इसलिए आज भारत बंद है। वहीं, कांग्रेस नेता जयवीर शेरगिल ने कहा कि आज एक साल हो गया है, जब तीन काले कानूनों के द्वारा देश की किसानी और किसान पर काले बादल ला दिए गए थे। आज हर भारतवासी को भाजपा का जो लक्ष्य है… किसान और किसानी खत्म उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए, भारत बंद का समर्थन करके।

किसानों ने कांग्रेस नेता को धरनास्थल से उठाया05
कांग्रेस नेता और DPCC अध्यक्ष अनिल चौधरी सोमवार को प्रदर्शनकारी किसानों के समर्थन में गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे। यहां प्रदर्शनकारियों ने भारत बंद को गैर राजनीतिक प्रदर्शन बताया और उन्हें धरनास्थल से उठने को कहा।

नकवी बोले- हंगामा करने वाले किसानों का नुकसान कर रहे04
भारत बंद पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हमारी सरकार ने किसानों से हमेशा बातचीत का रास्ता अपनाया है। MSP बढ़ रही है। मंडियां भी फल-फूल रही हैं। जितनी भी आशंकाएं और अफवाहें थीं, उनका समाधान हो गया है। जो लोग हंगामा कर रहे हैं, वे किसानों का नुकसान कर रहे हैं।

राउत ने कहा- हम मन से किसानों के साथ
शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि किसान एक साल से आंदोलन कर रहे हैं। यह किसानों का बंद है। देश की जनता पूरी भावनाओं के साथ किसानों के साथ है। उद्योग तो वैसे ही बंद है। बेरोजगारी के कारण लोग वैसे ही घरों में बैठे हैं तो बंद तो चल रहा है। इसलिए किसानों ने भी बंद का ऐलान किया। हम मन से उनके साथ हैं।

केजरीवाल बोले- भारत में भी किसानों की नहीं सुनी जाएगी तो…03
भारत बंद पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये दुख की बात है कि शहीद भगत सिंह की जयंती पर किसानों को भारत बंद का आह्वान करना पड़ रहा है। अगर आजाद भारत में भी किसानों की नहीं सुनी जाएगी तो फिर कहां सुनी जाएगी? मैं केंद्र सरकार से अपील करता हूं कि जल्द से जल्द उनकी मांगे मानें।
UP में किसानों ने चक्का जाम किया
कृषि कानूनों के विरोध में UP, हरियाणा, पंजाब और दूसरे राज्यों के किसान 10 महीने से धरना दे रहे हैं। कई जगहों पर व्यापारी वर्ग, वकीलों और छात्र भी किसानों के भारत बंद का समर्थन किया। वेस्ट यूपी के 27 जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। सभी मुख्य मार्गों और हाईवे पर किसानों ने चक्का जाम किया।
सफल रहा ‘छत्तीसगढ़ बंद’ : किसान आंदोलन ने जनता का माना आभार, कहा  WhatsApp Image 2021 09 27 at 3.01.40 PM
संयुक्त किसान मोर्चा और केंद्रीय ट्रेड यूनियनों द्वारा आहूत भारत बंद को ऐतिहासिक बताते हुए और छत्तीसगढ़ में इसे सफल बनाने के लिए छत्तीसगढ़ किसान आंदोलन से जुड़े सभी घटक संगठनों और छत्तीसगढ़ किसान सभा तथा आदिवासी एकता महासभा ने आम जनता का आभार व्यक्त किया है और कहा है कि मोदी सरकार की कॉर्पोरेटपरस्ती के खिलाफ उनका संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक कि ये कानून वापस नहीं लिए जाते और देश को बेचने वाली नीतियों को त्यागा नहीं जाता। उन्होंने कहा है कि इस देशव्यापी बंद में 40 करोड़ लोगों की प्रत्यक्ष हिस्सेदारी ने यह साबित कर दिया है कि भारतीय लोकतंत्र को मटियामेट करने की संघी गिरोह की साजिश कभी कामयाब नहीं होगी।
हरियाणा में बंद रहे स्कूल
भारत बंद के चलते हरियाणा में भी नेशनल और स्टेट हाईवे बंद हैं। स्कूलों ने बच्चों की छुट्टियां कर दी हैं। वहीं हाईकोर्ट ने फिजिकल सुनवाई पर रोक लगा दी है। CM मनोहर लाल ने कहा कि लोकतंत्र है। किसान आंदोलन करें, लेकिन मेरी अपील है कि शांतिपूर्वक करें। किसी को जबरदस्ती बंद करने के लिए न कहें। लोकतंत्र में सभी को अपनी व्यवस्था के तहत काम करने का अधिकार है। प्रदेश में सुरक्षा चाक चौबंद है। पूरी व्यवस्था बनी रहेगी।
बिहार में वैशाली और आरा में सड़क पर उतरे RJD कार्यकर्ता08
बिहार में लेफ्ट के साथ-साथ महागठबंधन की पार्टियां राजद और कांग्रेस भी भारत बंद के समर्थन में रहीं। इसमें बिहार से जुड़े सवालों को भी महागठबंधन ने जोड़ा है। जैसे कि रोजगार के वादे का सवाल, योजनाओं में घोटाले का सवाल, जाति जनगणना का सवाल। सोमवार सुबह से ही राजद, कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों के कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए। उन्होंने कई जगह ट्रैफिक रोक दिया।
पंजाब में भारत बंद का बड़े पैमाने पर असर
पंजाब के लुधियाना में लाडोवाल टोल प्लाजा और MBD मॉल फिरोजपुर रोड पर किसान लगातार धरना दे रहे हैं। यहां सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक रास्ता बंद रखा गया। स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी बंद रहीं। एग्जाम ऑनलाइन हुए और टीचर्स ने घर से काम किया। कई स्कूलों ने परीक्षाएं स्थगित कर दीं। किसानों के समर्थन में टैक्सी सेवा भी बंद रही। बस स्टैंड और पेट्रोल पंप भी बंद रहे।06
जयपुर में भारत बंद के समर्थन में रैली
राजस्थान में कांग्रेस ने भारत बंद को अपना समर्थन दिया। राजस्थान PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि भारत बंद को कांग्रेस पूरा समर्थन करती है। राजस्थान में संयुक्त किसान-मजदूर जन मोर्चा ने बंद की घोषणा करते हुए सभी व्यापारियों, व्यापारिक संगठनों और आम जनता से बंद को सफल बनाने की अपील की है। जयपुर में गवर्नमेंट हॉस्टल पर शहीद स्मारक से किसानों, मजदूरों, छात्रों, युवाओं और महिला सामाजिक संगठनों रैली निकाली है।