कार से 70 किलो गांजा बरामद , दो गिरफ्तार

 भोपाल
 कोलार थाना पुलिस ने एक कार से 70 किलो गांजा बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपित धरपकड़ के दौरान कार से उतरकर भाग गया। उधर कार को रोकते ही पीछे से आ रही एक अन्य कार में सवार लोग भी यू-टर्न लेकर फरार होने में कामयाब हो गए। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में पता चला कि चेकिंग की पूर्व-सूचना देने तस्कर उनकी कार के आगे-पीछे चलते हुए निगरानी करते थे।

कोलार थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रविवार रात मंडीदीप से कोलार की तरफ आने वाली सड़क पर चेकिंग प्वाइंट लगाया था। एक संदिग्ध कार को पुलिस ने रोका तो उसका गेट खोलकर एक युवक पैदल अंधेरे में भाग निकला। उधर कार के लगभग 100 मीटर पहले रुकी एक कार का चालक यू-टर्न लेकर भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने संदिग्‍ध कार में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर डिक्की की तलाशी ली। उसमें दो-दो किलो गांजा भरे हुए 35 पैकेट मिले। आरोपितों की पहचान गोविंदपुरा निवासी बंडू उर्फ बंटी (33) और कालापीपल निवासी खलील खान (46) के रूप में हुई। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। उनके फरार साथियों की तलाश की जा रही है।

आंध्र-प्रदेश से ला रहे थे माल : गिरोह के तस्कर प्रे कुचबंदिया और शब्बीर खान के कहने पर खलील, कमलेश सोनी, विशाल लोधी, शेर अली के साथ कार से आंध्र प्रदेश से गांजा लाए थे। पुलिस को अब कमलेश, अंजीत, शेर अली, विशाल लोधी तथा गांजे का सौदा कर बुलवाने वाले प्रेम कुचबंदिया एवं शब्बीर की तलाश है।