इंदौर में नई गाड़ियों का नंबर अब एमपी-90 या एमपी-99 हो सकता है

 इंदौर
मध्य प्रदेश की औद्योगिक राजधानी इंदौर में पंजीकृत होने वाले वाहनों की 1989 से चल रही सीरीज एमपी-09 के अल्फाबेट्स अब खत्म हो चले हैं। बाइक श्रेणी में इसके ज्यादातर अल्फाबेट्स खत्म हो गए हैं। उसके बाद ही अधिकारी इसके विकल्प की तलाश में जुट गए हैं। ग्वालियर मुख्यालय से मार्गदर्शन मांगा जा रहा है। एमपी-09 से मिलता जुलता एमपी-90 या तीन अल्फाबेट्स इसका विकल्प हो सकता है। जानकारी के अनुसार, 32 साल पहले इंदौर को एमपी-09 की सीरीज आवंटित हुई थी। इसमें नंबर दिए जाते रहे। बाद में वाहनों की श्रेणी के अनुसार अल्फाबेट के साथ सीरीज दी जाने लगी। इससे कार, मोटर साइकिल, स्कूटर, मिनी बस, भारी वाहनों के लिए अलग-अलग अल्फाबेट सीरीज हो गई।

परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार एमपी-09 के अल्फाबेटस खत्म होने पर हम विकल्पों पर विचार कर रहे है, जिसमें तीन अल्फाबेटस को शुरू करने के साथ ही एमपी-09 से मिलती जुलती एमपी-90 या एमपी-99 को शुरू किया जा सकता है। इस संबध में मुख्यालय द्वारा ही निर्णय लिया जाएगा। कुछ जनप्रतिनिधियों ने भी इस संबध में अधिकारियों को पत्र लिख दिया है।