अरनिया सेक्टर में उड़ती दिखी संदिग्ध चीज, जवानों ने की फायरिंग तो पाकिस्तान की ओर गया 

श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर के अरनिया सेक्टर में आज (सोमवार, 23 अगस्त) सुबह आसमान में एक संदिग्ध चीज उड़ती हुई देखी गई है। ये संदिग्ध चीज लाल और पीली रंग की चमक रही थी। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने जानकारी दी है कि आज लगभग 5:30 बजे अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास अरनिया सेक्टर में हमारे अग्रिम सैनिकों ने आसमान में एक संदिग्ध चीज उड़ती हुई देखी। जो लाल और पीली रंग की चमक रही थी। 

हमारे सैनिकों ने उड़ती हुई चीज पर फौरन 25 एलएमजी गोलियां दागीं। फायरिंग के बाद उड़ती हुई वस्तु कुछ ऊंचाई तक पहुंच गई और पाकिस्तान की ओर चली गई। बीएसएफ ने कहा है कि पुलिस की मदद से इलाके की तलाशी ली जा रही है। बीएसएफ ने यह भी बताया है कि हमने पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया है। इंडिया टुडे में छपी रिपोर्ट के मुताबिक अरनिया सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास उड़ती हुई संदिग्ध चीज मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) था। ड्रोन को बेअसर करने के लिए जवानों ने फायरिंग क थी। 

बता दें कि जून में एयरफोर्स स्टेशन जम्मू पर हुए ड्रोन हमले के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन देखे जाने की संख्या बढ़ गई है। 26 और 27 जून की मध्यरात्रि में एयरफोर्स स्टेशन के हाई टेक्निकल एरिया में दो विस्फोट हुए थे। इस हमले में भारतीय वायुसेना के दो जवानों को मामूली चोटें आई थीं। UAPA के तहत किया जा सकता है बैन अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बार-बार यूएवी देखे जाने को लेकर गृह मंत्रालय (एमएचए) ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से पालन करने का आदेश दिया है। गृह मंत्रालय ने निर्देश दिया है कि जैसे ही आसमान में ड्रोन, पैराग्लाइडर, माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट, गर्म- हवा के गुब्बारे दिखे तो उसपर फौरन एक्शन लिया जाए।