अखिलेश यादव ने देश के नाम लिखी चिट्ठी, लोगों से कहा- New UP बनाने का लें संकल्प

इलहाबाद
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने देश के नाम एक चिट्ठी जारी की है. इस चिट्ठी में उन्होंने देशवासियों को 75वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी है. उन्होंने कहा कि हर विशेष दिवस हमें सर्वश्रेष्ठ संकल्पों की ओर प्रेरित करता है. इसलिए आज आपसे और अपने आप से संवाद कर नए संकल्प धारण करने का अवसर है, जिससे अपने देश और अपने देशवासियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए हम अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएं भी और नए संकल्प लें भी.

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आज विशेष स्वतंत्रता दिवस है, जिसकी विशेष बधाई और शुभकामनाएं.यूं तो हर 15 अगस्त को हमारे देश का स्वतंत्रता दिवस आता है, लेकिन इस बार हम अपनी आजादी के 75 वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं अर्थात हम अपनी आजादी की तीन चौथाई सदी में प्रवेश कर रहे हैं. इसलिए ये एक विशेष स्वतंत्रता दिवस है.

उन्होंने कहा कि आज नया युग है. इसलिए सरकारों का स्वरूप भी बदलना चाहिए. सरकार को शासन नहीं, जनता की सेवा करने वाले सर्विस प्रोवाइडर अर्थात सेवा प्रदाता की तरह काम करने का संकल्प लेना होगा. ऐसा करके ही हम जनहित में जनता की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए काम कर सकते हैं और करेंगे भी.

अखिलेश यादव ने कहा कि मिलिट्री स्कूल में पढ़ाई के दौरान मैंने देश के लिए जीवन समर्पित करने का जो पाठ पढ़ा, वह आज भी याद है और हमेशा रहेगा. उन्होंने कहा कि मिलिट्री स्कूल में ही अनुशासन का वह पाठ भी पढ़ा, जिसने सिखाया कि चाहे व्यक्तिगत जीवन हो, सामाजिक जीवन हो या राजनीतिक जीवन, सभी जगह अनुशासन को महत्व दो. यही अनुशासन राजनीति में 'अनुशासन से शासन' के प्रेरणा वाक्य को जन्म दे गया.

बता दें, देश के नाम जारी चिट्ठी में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी सरकार में हुए कामकाज को भी बताया है. उन्होंने लोगों से न्यू यूपी बनाने के संकल्प को साकार करने के लिए 2022 में सपा को चुनाव में जिताने की अपील की है.