राज्यपाल सुश्री उइके ऑल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट के समापन समारोह में हुई शामिल, विजेता टीमों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का किया सम्मान

बिलासपुर

राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके आज अपने एक दिवसीय बिलासपुर प्रवास के दौरान नवभारत कप ऑल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट के समापन कार्यक्रम में शामिल हुई। इस दौरान उन्होंने विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। उल्लेखनीय है कि बिलासपुर में नवभारत अखबार समूह द्वारा स्वर्गीय बी.आर. यादव स्मृति एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड में 1 मार्च से 12 मार्च तक नवभारत कप ऑल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट (महिला व पुरुष वर्ग) का आयोजन किया गया। WhatsApp Image 2022 03 12 at 7.40.28 PM WhatsApp Image 2022 03 12 at 7.40.29 PM

राज्यपाल सुश्री उइके ने हॉकी टूर्नामेंट के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजयी टीम के खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हार-जीत तो खेल का हिस्सा है, खिलाड़ियों को हार या जीत के उद्देश्य से नहीं बल्कि खेल भावना से खेलते हुए अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करना चहिये। राज्यपाल सुश्री उइके ने कहा कि हॉकी को राष्ट्रीय खेल का दर्जा प्राप्त है। किन्तु पिछले कुछ दशकों में बतौर खेल हॉकी की लोकप्रियता में कमी आई। किन्तु ऐसे प्रतियोगिताओं के आयोजन से ही हॉकी जैसे पुराने और प्रतिष्ठित खेल के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ रहा है। नवभारत कप में देश भर के 16 पुरुष तथा 13 महिला हॉकी टीमों ने भाग लिया, जो दर्शाता है कि देश में हॉकी के प्रति लोकप्रियता फिर से बढ़ी है। इस टूर्नामेंट में महिला हॉकी टीमों ने भी अपने शानदार खेल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने दिखाया है कि बेटे-बेटियां अब समान है। बेटियां देश के लिए खेल रही है और मेडल ला रही है। राज्यपाल सुश्री उइके ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी खेल के रूप में हॉकी को काफी पसंद किया जा रहा है और खिलाड़ी राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे है। प्रदेश में हॉकी खिलाड़ियों को अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने के लिए खेल सुविधाओं को बढ़ाना होगा और उनके बेहतर प्रशिक्षण की व्यवस्था करनी होगी।

नवभारत कप ऑल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट में फाइनल मैच के पुरूष वर्ग के विजेता सेल राऊरकेला, उप विजेता यंग स्टार हरियाणा, महिला वर्ग की विजेता मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी,ग्वालियर एवं उप विजेता एसपीएसबी दिल्ली रही। राज्यपाल सुश्री उइके ने महिला वर्ग की फाइनल मैच का आनंद भी उठाया।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, विधायक बिलासपुर  शैलेष पांडे एवं बिलासपुर जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।